अलीगढ़ में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होगी वोटिंग
डेस्क न्यूज। 18 वीं लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को विगुल बज गया। देशभर में 543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणोंं में मतदान होगा। जबकि 4 जून को नतीजे की घोषणा की जाएगी। अलीगढ़ में 26 अप्रैल को दूसरे चरण में वोटिंग की जाएगी। चुनाव आयोग की तरफ से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर साफ शब्दों में कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में धन-बल पर कड़ी नजर रखी जाएगी. चुनाव पूरी तरह से हिंसा मुक्त हो, आयोग की टीम ने इसकी तैयारी की है.
उन्होने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पिछली बार की तरह ही इस बार भी सात चरणों में मतदान होगा. चुनाव आयोग की घोषणा के मुताबिक 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा, इसमें 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी. 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 89 लोकसभा की सीटों पर मतदान होगा. 7 मई को तीसरे चरण में 94 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी. 13 जून को चौथे चरण में 96 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा, पांचवां चरण 20 मई को 49 लोकसभा सीटों पर, 25 मई को छठे चरण में 57 और 1 जून को सातवें चरण में 57 सीटों पर मतदान होगा।
बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था होगी
मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस ने कहा कि इस बात मतदान को पहले अधिक बेहतर और सुविधजनक बनाने के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 85 साल के ऊपर के मतदाताओं को बूथ पर आने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें घर से मतदान करने की सुविधा दी जाएगी. उन्होंने बताया कि नामांकन से पहले सभी मतदाताओं के पास 12-डी फॉर्म भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास इस लोकतंत्र के पर्व में अधिक से अधिक भागीदारी कराना है।
चुनाव आयोग चार चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार
मुख्य चुनाव आयोग ने कहा कि देश भर में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए कड़े इंतजाम किये गये हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हर हाल में हिंसा को रोकना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सामने चार प्रकार की चुनौतियों हैं, मसल्स, मनी, मिस इंफॉर्मेशन और एमसीसी यानी मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट, इनसे निपटने की व्यवस्था की गई है। चुनाव में धन बल पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
राजनीतिक पार्टियों को सख्त दिशा-निर्देश
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि आज से मतदान तक सोशल मीडिया पर अफवाह या फेक न्यूज़ फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनावी अभियान में नफरती भाषण न दें। कैंपेन में धार्मिक, जातीय टीका टिप्पणी ना दें। चुनाव आयोग ने कहा कि भ्रामक विज्ञापन देने से बचें। रेड लाइन का उल्लंघन करने से बचें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल प्रचार अभियान में बच्चों का इस्तेमाल ना करें। स्टार प्रचारकों को चुनाव आयोग की गाइडलाइन की कॉपी दें।
16 जून को खत्म हो रहा है लोकसभा का कार्यकाल
उन्होंने बताया कि 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को खत्म होने वाला है। उससे पहले नई सरकार का गठन कर लिया जाना है। देश में लोकसभा की कुल 543 सीटें हैं और किसी भी पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 272 सीटों के बहुमत की जरूरत होती है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में मतदान हुए थे और 23 मई को परिणामों की घोषणा की गई थी।