फाईनेंस कर्मी से लूट करने वाले तीन लुटेरे पुलिस ने मुठभेड़ में किए गिरफ्तार
अलीगढ़। टप्पल थाना क्षेत्र में पिछले दिनों फाईनेंस कर्मी से 80 हजार रुपये लूट करने वाले तीन लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट की रकम भी बरामद की है। पुलिस को शनिवार को आरोपियों का सुराग मिला था, जिसके बाद पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पुलिस के ऊपर गोली चला दी। पुलिस ने हल्काबल का प्रयोग कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
22 फरवरी को आरोपियों ने की थी लूट
आगरा के फतेहपुर सीकरी निवासी कौशल तिवारी ने टप्पल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित के अनुसार वह एक फाइनेंशियल कंपनी में काम करता है। 22 फरवरी को वह कंपनी के कलेक्शन का रुपया लेकर अलीगढ़ आया था। उसके पास पिठ्ठू बैग था, जिसमें कंपनी के 80 हजार रुपए रखे थे। वह कंपनी का रुपया लेकर ताहरपुर बंबे के पास से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे असलहा दिखाकर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके बैग में रखे रुपए, मोबाइल समेत अन्य चीजें छीन ली और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी थी।
गुरुवार को दर्ज कराया मुकदमा
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह शांत हो गया और चुप रहा। लेकिन उसने कुछ दिन बाद आरोपियों को घूमते हुए देखा, तो उसके अंदर हिम्मत आई। जिसके बाद पीड़ित ने शनिवार को टप्पल थाने में मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस को आरोपियों के बारे में भी पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया और उनकी तलाश में जुट गई। शनिवार को पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला था, जिसके बाद टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी करके खड़ी थी। इसी दौरान पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई।
नोएडा और अलीगढ़ के हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह वह गांव गढ़ीसूरजमल के रास्ते पर नाकाबंदी करके खड़े थे और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीनों आरोपी आते हुए उन्हें नजर आए। जब उन्होंने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम के ऊपर गोली चला दी। आरोपियों की गोलीबारी के बार पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसके बाद तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के थाना रबूपुरा के गांव खेरली भाव निवासी तनुज शर्मा पुत्र ओमदत्त शर्मा टप्पल के गांव जैदपुरा निवासी रोहित पुत्र मुरारी व अजीत पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम जैदपुरा थाना टप्पल शामिल हैं।
लूट के रुपए और अवैध हथियार बरामद
पुलिस को आरोपियों के पास से लूट के 40500 रुपए, 315 बोर के 2 तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखे, फैक्ट्री मेड एक .32 बोर की पिस्टल और .32 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई स्पेलेंडर बाइक बरामद हुई है।