स्कूटी बचाने के फेर में ट्रक ने टेंपो में मारी टक्कर, दस लोग घायल
लोधा। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर स्कूटी को बचाने के फेर में अनियंत्रित ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में दस लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने उपचार को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर में खैर की तरफ से सवारियों को लेकर एक टेंपो अलीगढ़ की तरफ जा रहा था। जैसे ही टेंपो अलीगढ़-पलवल मार्ग पर निर्माणाधीन राजा महेंद्रप्रताप विश्वविद्यालय के पास पहुंचा तभी स्कूटी सवार दो शिक्षिकाओं को बचाने के प्रयास में पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे टेंपो पलट गया। वहीं पास में खड़े बाइक दो युवक भी टेंपों की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद टेंपो में मौजूद सवारियों में मदद को चीख-पुकार मचने लगी। हादसे में टेंपो चालक चंद्रपाल निवासी खैर, सुमन, विरमा, शिवानी निवासी मऊ, मोहम्मद याकूब निवासी अलीगढ़ के अलावा बाइक सवार धनेश कुमार व उसका साथी, ट्रक चालक सत्यपाल चौधरी निवासी खाजपुर मथुरा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल व निजी अस्पताल में भर्ती कराया।