भांकरी के पास अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा, मौके पर हुई मौत
गभाना। क्षेत्र में हाईवे पर भांकरी के समीप किसी वाहन का इंतजार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल गया।
मिली जानकारी के अनुसार गोधा क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी 28 वर्षीय धर्मेंद्र शर्मा पुत्र शिवप्रसाद शर्मा सोमवार की सुबह रोडवेज से दिल्ली से अलीगढ़ के लिए आ रहे थे। बस बाईपास से होकर जाने के चलते वह हाईवे पर गांव भांकरी के समीप संतसार स्कूल के पास उतर गए और अलीगढ़ जाने को किसी वाहन का इंतजार करने लगे। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पहिए के नीचे आकर धर्मेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। बाद में उनकी जेब में मिले आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार सूचना परिजनों को दे दी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक दो भाईयों में छोटे थे और मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे।