अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस पर चलाई गोली, जबाबी कार्रवाई में आरोपी हुआ घायल
- आरोपी के कब्जे से अवैध शराब के अलावा तमंचा-कारतूस बरामद
लोधा। क्षेत्र में निर्माधीन राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के पास अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब के अलावा तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
इंस्पेक्टर लोधा विपिन कुमार ने बताया कि मुखबिर ने निर्माणाधीन राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के पास अवैध रूप से शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर वह मय फोर्स के दबिच देने के लिए पहुंचे। जहां पर एक युवक को पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम सुशील उर्फ कलीला पुत्र ओमप्रकाश उर्फ बुंदा निवासी बिहारीपुर थाना खैर बताया। मौके से पुलिस को दो पेटी (24 बोतल) शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी ने बताया कि उसके पास और भी शराब है, जिसे वह पुलिस को बरामद करवा सकता है। जिसके बाद पुलिस उसे लेकर राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के अंदर लेकर गई। आरोपी ने संकरे रास्ते पर ले जाकर कहा कि आगे पैदल चलना पड़ेगा। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी के साथ पैदल आगे चल पड़ी। आरोपी आगे जाकर एक अंधेरी सी कोठरी में घुस गया। उसके पीछे पुलिस टीम भी अंदर गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि अंदर शराब की पेटियां रखी थी, आरोपी ने एक पेटी में हाथ डाला और वहां पहले से रखे तमंचे को बाहर निकालकर पुलिस के ऊपर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने मिट्टी के ढ़ेर और दीवार के पीछे छिपकर खुद को बचाया।
जबाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
आरोपी के गोली चलाए जाने के बाद पुलिस कर्मियों ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने सरेंडर नहीं किया। जिस पर पुलिस कर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिसमें से एक गोली आरोपी के दाएं पैर में लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी ने खुद को सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को उपचार को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा से शराब लाकर अलीगढ़ और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता है। पुलिस को आरोपी के पास से 2 पेटी देशी शराव हरियाणा मार्का (24 बोतल), 120 पौवा के अलावा एक देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद की है।
जानलेवा हमला व अपहरण समेत दस मुकदमे दर्ज
सीओ गभाना शुभेंदु सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर खैर, क्वार्सी व लोधा थाना में जानलेवा हमला, अपहरण, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, लूट, आबकारी अधिनियम में करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के गैर जनपदों में अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी कि विरूद्ध दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा अवैध शराब के कारोबार को करने के मामले में है और दूसरा मुकदमा पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर लोधा विपिन कुमार, एसआई राजेश कुमार, एसआई रमेश चंद्र, हेड कांस्टेबल कपिल तोमर, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और विशाल अहलावत आदि शामिल रहे।