रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कलुवा रेलवे पुल पर हादसे में मृतक महिला की हुई शिनाख्त

गभाना। कलुवा रेलवे पुल पर दस दिन पूर्व हुए हादसे में मृतक महिला की शनिवार को परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर शिनाख्त कर ली।

बता दें कि विगत 13 मार्च को कलुवा रेलवे पुल पर एक महिला गंभीर हालत में घायल अवस्था में मिली थी। जिसे पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उपचार को जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया था। शुक्रवार को महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

शनिवार को समाचार पत्रों के माध्यम से मिली जानकारी पर परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर महिला की शिनाख्त गौंडा क्षेत्र के गांव उत्तमपुर निवासी   58 वर्षीय माया देवी पत्नी गजेंद्र सिंह के रूप में कर ली। परिजनों के अनुसार वह 13 मार्च को बुलंदशहर के थाना खुर्जा देहात के गंगथला गांव में अपने मायका की कहकर गई थी। वह न तो अपने मायका पहुंची और न ही घर लौटी। जिस पर गौंडा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही परिजन तलाश में जुटे हुए थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माया देवी तीन बच्चों की मां थी।

विज्ञापन 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!