कार की टक्कर बाइक सवार महिला की मौत, बेटा समेत दो घायल
गभाना। हाईवे पर पहावटी मोड़ के पास शनिवार रात्रि में कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के थाना अरनियां के बड़ा गांव निवासी प्रदीप कुमार पुत्र शिशुपाल सिंह शनिवार देर रात्रि में मां राजकुमारी देवी व परिवार के ही सूखी पुत्र नरेंद्र सिंह के साथ बाइक से अरनियां के गांव निरावली से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पहावटी मोड़ के पास पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति सेआ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा समेत तीनों लोग घायल हो गए, जबकि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को टोल एंबुलेंस की मदद से खुर्जा स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने 40 वर्षीय राजकुमारी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके बेटा प्रदीप व सूखी का उपचार जारी है। गुरुवार को खुर्जा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।