रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार सुरक्षाकर्मी को मारी टक्कर, मौत

गभाना। हाईवे पर जिरोली मोड़ के पास ड्यूटी जा रहे साइकिल सवार सुरक्षाकर्मी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सैमला निवासी 65 वर्षीय रमेशचंद थाना बन्नादेवी क्षेत्र में एक कंपनी में बतौर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। शनिवार रात में वह साईकिल से ड्यूटी करने के लिए कंपनी जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर जिरोली मोड़ के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साईकिल में टक्कर मार दी। जिसमें रमेशचंद गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीर मौके पर जुट गए, सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक ने अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा व एक बेटी को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।

error: Content is protected !!