पांच दिन से लापता किसान का कुंए में मिला शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
खैर। क्षेत्र के गांव खेड़ा सत्तू में पांच दिन से लापता किसान का शव गांव के बाहर कुंए में पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने मारपीट कर हत्या कर देने की आशंका जताते हुए सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के 42 वर्षीय किसान धर्मवीर सिंह पुत्र देशराज सिंह 28 मार्च से लापता थे। सोमवार को ग्रामीणों को उनका शव गांव के बाहर नहर किनारे एक कुंए में दिखाई पड़ा। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो सूचना पाकर परिजन व इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक किसान के भाई हरिराम सिंह ने आरोप लगाया कि उनके भाई गुरुवार शाम को खेतों पर कार्य कर रहे थे।
तभी पड़ौसी किसान ने उनके खेत की मेड़ काट थी थी। भाई ने जब इसका विरोध किया तो विवाद हो गया। तभी से भाई गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ौसी किसान ने मारपीट करते हुए उनकी हत्या कर शव को कुंए में फेंक दिया है। पुलिस ने शव को कुंए से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। मृतक के भाई ने सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।