मां काली की शोभायात्रा निकाली गई

अलीगढ़। इगलास क्षेत्र के गांव विसाहुली में मां दुर्गेश नंदनी मंदिर पर नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। महाअष्ठमी पर मंदिर से मां काली की शोभायात्रा निकाली गई। आरती के बाद शुरु हुई यात्रा में काली के स्वरुप के साथ लांगुरा हाथों में तलवार लेकर कलाबाजी करते हुए चल रहे थे। पूरे गांव का भ्रमण करने के बाद यात्रा का मंदिर पर विश्राम हुआ। इस दौरान जगह-जगह मां काली के स्वरुप का भक्तों ने आरती कर स्वागत किया। ढोल नगाड़ों की धुन पर भक्त जमकर थिरके। प्रबंधक बनवारीलाल ने बताया कि गुरुवार को दोपहर दो बजे से मंदिर पर विशाल कुश्ती दंगल होगा आैर रात्रि नौ बजे से रसिया दंगल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। इस मौके पर मेला अध्यक्ष राकेश शर्मा, प्रधान प्रतिनिधि गुलाब सिंह, जिपं सदस्य अमित ठेनुआं, पूर्व प्रधान अजय सिंह, महीपाल सिंह, मेघराज सिंह, रिंकू, ऋषिकुमार शर्मा आदि थे।