राजमऊ में हुई किसान की हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश
– पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा, तीन भाग जाने में रहे सफल
रॉयल स्टार न्यूज…
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव राजमऊ में 10 मार्च को हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार पर्दाफाश किया है। जबकि मौके से तीन बदमाश भाग जाने में सफल रहे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से नगदी, तमंचा-कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है।
यह था पूरा मामला
थाना गभाना क्षेत्र के गांव राजमऊ में 9 मार्च की रात में गांव के 50 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र बनी सिंह घर से गांव के बाहर बने घेर पर पशुओं की रखवाली करने के लिए सोने के लिए गए थे। रात्रि में बदमाश दीवार तोड़ कर घेर में घुस गए जहां पर उन्होंने राकेश के मुंह में कपड़ा ढूंसकर हत्या कर दी थी और चारपाई पर बांधकर रजाई से ढ़ककर वहां बंधी तीन दुधारू भेंस समेत पांच पशुओं को चोरी कर ले गए थे। अगले दिन सुबह राकेश का छोटा भाई भोला पशुओं को चारा डालने घेर पर पहुंचा तो घेर का दरवाजा खुला हुआ था, जबकि खूंटो पर पशु बंधे हुए नहीं थे। जब उसने भाई को जगाने का काफी प्रयास किया तो वह नहीं जगे। जिस पर भोला ने राकेश की रजाई को हटाकर देखा तो वह लहुलुहान मृत हालत में चारपाई से बंधे हुए थे। जानकारी पर एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ ही टीमों का गठन कर हत्या का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। तभी से इलाका पुलिस के अलावा सर्विलांस की टीमें छानबीन में जुटी हुई थी।

तीन बदमाशों को पकड़ा, तीन भाग जाने में रहे सफल
सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि पुलिस टीम ने बुधवार सुबह कन्होई कट से तीन बदमाशों को पुलिस टीम ने पकड़ लिया, जबकि उनके तीन साथी मौके से भाग जाने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से 38 हजार 900 रुपये, तमंचा, चार कारतूस, तीन लोहे की भैंस की जंजीर, दो लोहे के सब्बल, एक आरी व लोहा काटने का एक कटर बरामद हुआ है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपना नाम जीते उर्फ जीतू उर्फ जितेंद्र पुत्र राजेंद्र उर्फ सुल्ला निवासी कन्होई, जाकिर उर्फ कलुआ निवासी भमौली थाना छर्रा हाल निवासी भरैती थाना क्वार्सी व अनीस पुत्र मुन्नी बाज निवासी नोर्था थाना अतरौली बताया। उन्होंने अपने साथी साविर उर्फ मामा पुत्र जमाल उर्फ अलाउद्दीन निवासी बगिया वाली गली, ऊदला इलियासपुर थाना बन्नादेवी, यूनुस हकला निवासी दरियापुर थाना जवां, चंद्रपाल पुत्र राजेंद्र उर्फ सुल्ला निवासी कन्होई व अमित निवासी नगला मेवाती थाना पहासू,बुलंदशहर के साथ 9 मार्च की रात में राजमऊ में पशु चोरी के दौरान विरोध करने पर किसान की तमंचा की वट से हत्या कर देने की घटना को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने चोरी किए गए पशुओं को बेच दिया था।
मुख्य आरोपी को खैर पुलिस भेज चुकी है जेल
सीओ सुमन कनौजिया ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी साविर उर्फ मामा निवासी बगिया वाली गली, ऊदला इलियासपुर थाना बन्नादेवी था। जिसे 23 मार्च को खैर पुलिस ने सोमना मार्ग से भैंस चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
दिन में करते थे रैकी
सीओ के अनुसार पकड़े गए बदमाश काफी शातिर किस्म के हैं। आरोपी गांव में कई-कई दिन घूमकर पशु चोरी के लिए रैकी करते थे। जहां उन्हें गांव से हटकर पशु मिलते थे, उन्हें वह रात्रि में चोरी कर ले जाते थे। उन्होंने बताया कि भागे हुए बदमाशों की तलाश जारी है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
आरोपियों पर मुकदमों की है लंबी लिस्ट
सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाश जीेते उर्फ जीतू उर्फ जितेंद्र पर जनपद अलीगढ़ के अलावा बुलंदशहर में चोरी, लूट, डकैती के 22 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जाकिर उर्फ कलुवा पर गभाना, जवां, बन्नादेवीव बुलंदशहर में चोरी, लूट-डकैती, गोवध, गैगस्टर एक्ट के 16 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अनीश पर अतरौली, गभानाव बुलंदशहर में लूट, डकैती, चोरी के 4 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह, सर्विलांस प्रभारी संदीप कुमार, एसआई रवि वर्मा, एसआई अमित कुमार, सुखवीर, याकुब खां, बृजेश रावत, अंकुर डबास, संजीव कुमार, जितेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार