हाईवे पर ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक परिवार के आठ बच्चे समेत 10 लोग हुए घायल
– गुस्साएं ग्रामीणों ने तीन घंटे तक हाईवे को किया जाम, तीन बच्चों की हालत गंभीर
– पुलिसकर्मियों पर रुपये लेकर आरोपी चालक को भगाने का लगाया आरोप
गभाना। हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के आठ बच्चों समेत दस लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर तीन बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है। गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे को जाम रखा। बाद में सीओ के आश्वासन पर करीब तीन घंटे के बाद जाम खुल सका।
क्षेत्र के गांव खेड़िया हैवत खां निवासी भरत चौधरी, भतीजे अजय चौधरी व परिवार की ही आठ बच्चों के साथ भांकरी स्थित मैरिज होम में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। रात्रि में करीब 9:15 बजे सभी कार से गांव लौट रहे थे। कार को अजय चौधरी चला रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ पर मुड़े तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार भरत चौधरी, अजय चौधरी के अलावा 8 वर्षीय आस्था चौधरी, 10 वर्षीय खुशी चौधरी पुत्रीगण विकास चौधरी, कपिल चौधरी, रितु चौधरी, शौर्य चौधरी, तनु चौधरी पुत्री बच्चन सिंह, निवासीगढ़ खेड़िया हैवतखां मेघा चौधरी पुत्री धर्मवीर चौधरी, मिस्टी चौधरी पुत्री अनुराग चौधरी निवासीगढ़ खेखड़ा (बागपत) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकलवाकर अलीगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और जमकर हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। जिससे गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेस वे (एनएच-34) दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। सूचना पर कई थानाें की पुलिस पहुंच गई और जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों जाम को नहीं खुलने दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि वहां मौजूद यूपी डायल-112 की पीआरवी 741 पर तैनात पुलिस कर्मियों ने आरोपित चालक से रुपए लेकर ट्रक को भगा दिया है। वह दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने व आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। करीब तीन घंटे के बाद सीओ शुभेंदु सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई करने व आरोपी ट्रक चालक को शीघ्र की गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर गुस्साएं ग्रामीणों को शांत कराया और जाम को खुलवाया।