गभाना पुलिस ने चाेरी की कार समेत दो चोर गिरफ्तार, भेजे जेल
गभाना। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो चोरों को चोरी की कार समेत गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मास्टर चाबी भी बरामद हुई है, जिसकी मदद से वह कारों के लॉक को खोलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पकड़े गए चोर चोरी की गई कार को दिल्ली बेचने के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में पुलिस की पकड़ में आ गए।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के अनुसार एसआई राजवीर सिंह कटरा मोड़ पर मय फोर्स के वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी अलीगढ़ की तरफ से एक सेंट्रो कार आती दिखाई पड़ी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का इशारा किया। जिस पर कार सवार दो युवक कार से उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। दोनों ने अपने नाम हसीन पुत्र रहीश निवासी शाहजमाल एडीए कालोनी देहली गेट व सैफ उर्फ ओसामा पुत्र शहीद निवासी सरायमीर ख्वाजा चौक थाना देहली गेट बताया। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने पिछले दिनों कार को ईदगाह के पास से चोरी किया था। जिसे वह दिल्ली बेचने जा रहे थे।