लोधा। थाना रोरावर क्षेत्र में गोंडा रोड पर शाहपुर कुतुब में किसान की रखी भूसे की दो बुर्जियों में आग लग गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तक तक किसान की दोनों बुर्जियां जलकर राख हो गई। वहीं ग्रामीणों ने शराबियों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो शराबियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
शाहपुर कुतुब निवासी सुरेंद्र पाल सिंह की गांव में ही शराब के ठेका के पास भूसे की दो बुर्जियां रखी हुई थी। रविवार शाम को अचानक से बुर्जियों में आग लग गई। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आग को बुझाने का भरसक प्रयास करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक किसान की दोनों बुर्जियां जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के अनुसार शराब के ठेका के आस-पास पूरे दिन शराबियों का जमावड़ा रहता हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शराबियों ने ही बुर्जियों में आग लगाई है। मामले में पुलिस ने मौके से दो शराबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।