विक्षिप्त युवक ने दो किसानों की हत्या की, ग्रामीणों ने आरोपी को पीटकर उतारा मौत के घाट
- टप्पल थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर की घटना, किसान के बेटे को भी हमला कर किया घायल
जट्टारी। टप्पल थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने दो किसानोंं के सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने एक किसान के शव को अपने कपड़ों से जलाने का प्रयास भी किया। इस दौरान आरोपी ने किसान के बेटे को भी डंडे से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। गुस्साएं ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी होने पर इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी संजीव सुमन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए गांव में एहतियान पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है।
किसान की डंडा मारकर की हत्या, नग्न होकर जलाने लगा शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के 50 वर्षीय किसान लाला पुत्र सोहनलाल बुधवार सुबह अपने खेतों पर मूंग की फसल देखने के लिए गए थे। तभी वहां मौजूद मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने किसान पर हमला करते हुए सिर में डंडा मारकर घायल कर दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने सारे कपड़े उतारकर किसान के ऊपर डाल दिए और उनकी जेब से माचिस निकालकर जलाने लगा। तभी वहां से चारा लेने जा रही महिलाओं ने आरोपी को नग्न हालत में देखा तो वह घबरा कर लौटने लगी। जिस पर आरोपी ने महिलाओं के पीछे दौड़ लगा दी।
बचाव में आए दूसरे किसान की भी कर दी हत्या
महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर पास ही खेतों पर काम कर रहे 45 वर्षीय किसान जफर पुत्र कायम बचाने को पहुंचे। आरोपी ने उनके ऊपर भी डंडा से हमला कर हत्या कर डाली। बचाव में आए उनके 16 वर्षीय बेटा अरशद को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे उपचार को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने आरोपी को पीटकर उतारा मौत के घाट
दो-दो हत्या कर देने की जानकारी महिलाओं ने गांव में पहुंचकर बताई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी हाथों में डंडा लिए सिर्फ अल्लाह हूँ अकबर के नारे लगा रहा था। इस दौरान आरोपी ग्रामीणों पर भी हमलावार हो गया। लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर डाली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जेवर का रहने वाला था आरोपी
घटना की जानकारी पाकर इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह के अलावा सीओ खैर राजीव द्विवेदी, एसएसपी संजीव सुमन व फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी युवक की पहचान गौतमबुद्धनगर के थाना जेवर के गांव मेहदीपुर निवासी अजफल पुत्र मुनताज के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुट गई है। एसएसपी संजीव सुमन ने बताया कि मामले की पूरी जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।