हाईवे पर खड़े ट्रक से ट्रक भिड़ा, चालक-क्लीनर की हुई मौत
गभाना। नेशनल हाईवे पर गांव भांकरी के समीप पंक्चर हुए खड़े ट्रक से दूसरे ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक व दूसरे ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
चंद्रपाल का फाइल फोटो
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी 55 वर्षीय हरेंद्र सिंह ट्रक क्लीनर थे। वह मंगलवार रात्रि में अपने साथी चालक के साथ गाजियाबाद से ट्रक में मुर्गी का दाना भरकर कानपुर के लिए जा रहे थे। देर रात में जैसे ही वह हाईवे पर गांव भांकरी के समीप पहुंचे तभी अचानक से ट्रक के पहिए में पंक्चर हो गया। जिस पर हरेंद्र सिंह ट्रक से नीचे उतरकर पहिए को खोलने लगे। इसी बीच बुलंदशहर की तरफ से पेपर रोल लेकर आ रहे ट्रक ने उनके ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरे ट्रक के केबिन में 45 वर्षीय चालक चंद्रपाल पुत्र हुकम सिंह निवासी मंडी के पीछे औरेया बुरी तरह से फंस गए।
हरेंद्र का फाइल फोटो
हादसे के बाद राहगीर व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन उससे पूर्व ही उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने एंबुलेंस की मदद घायल क्लीनर हरेंद्र को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पाकर दोनों मृतकों के परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। बुधवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।