गलत संगत में थी छोटी बहन, बड़ी ने गला दबाकर उतारा मौत के घाट
- क्वार्सी थाने के निधिवन कालोनी में सुबह मिला था नाबालिग का शव, पुलिस की सख्ती के सामने टूटी बड़ी बहन, फिर कबूले राज
अलीगढ़। थाना क्वार्सी थाना क्षेत्र के निधिवन कालोनी में एक युवती ने अपनी सगी छोटी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी बहन का कहना था कि छोटी बहन गलत संगत में थी और नशा भी करने लगी थी। उसकी हरकतों के कारण समाज में उसके परिवार की छवि खराब हो रही थी। लगातार समझाने के बाद भी वह नहीं मान नही थी, इसलिए उसे मार डाला।
जानकारी के अनुसार क्वार्सी थाना क्षेत्र की निधिवन कालोनी में रविवार सुबह सनसनी फैल गई। कालोनी के पंकज शर्मा की दूसरी नंबर की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी ट्विंकल शर्मा अपने ही घर में मृत पड़ी मिली। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित परिवार का संदेह एक युवक के ऊपर गया, जो लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। इस युवक से उनकी बेटी का मुकदमा भी चल रहा था और वह एक बार पहले भी उसे मारने का प्रयास कर चुका था। इतना ही नहीं वह आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देता था। जिसके बाद परिवार ने पुलिस को युवक के बारे में बताया। लेकिन पुलिस की जांच में मृतका की बड़ी बहन ही हत्यारी निकली और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सारा जुर्म कबूल कर लिया।
बड़ी बहन की गतिविधि थी संदिग्ध
घटना के बाद सीओ थर्ड/एएसपी अमृत जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फील्ड यूनिट के साथ मामले के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया। इस दौरान उन्हें मृतका की बड़ी बहन गार्गी की गतविधि संदिग्ध लगी। उन्होंने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की और बहन को हिरासत में ले लिया। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो बड़ी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी छोटी बहन की हरकतें और संगत ठीक नहीं थी। वह नशा भी करने लगी थी और उसकी हरकतों के कारण समाज में उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हो रही थी। लगातार समझाने के बाद भी वह नहीं मान रही थी। इसलिए उसने अपनी छोटी बहन की हत्या का मन बना लिया था। शनिवार की रात को जब सभी सो गए थे उसने गला दबाकर अपनी बहन की हत्या कर दी।
परिवार को दी नशे की दवा,
हत्यारोपी गार्गी ने बताया कि उसने पहले पूरे परिवार को नशे की दवा खाने में मिलाकर दे दी। जिसके बाद पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया। ट्विंकल अपनी दादी और सबसे छोटी बहन के साथ सो रही थी। वह रात में गई और उसका गला दबा दिया। नींद में ट्विंकल ने उसका विरोध करने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने घर से भागने की कोशिश की और रेलवे स्टेशन तक भी गई। लेकिन फिर वापस लौट आई, क्योंकि उसके भागने के कारण संदेह सीधा उसी के ऊपर जाता।
सोमवार को कोर्ट में होगी पेशी
एएसपी अमृत जैन ने बताया कि बड़ी बहन ने पूछताछ में नाबालिग की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ के बाद युवती को हिरासत में रखा गया है और सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसे जेल भेज दिया जाएगा।