सवारियाें से भरी रोडवेज बस में लगी भीषण आग, मची खलबली
- हरियाणा से सवारियां लेकर अलीगढ़ आ रही थी बुद्धविहार डिपो बस
अलीगढ़। थाना क्षेत्र में सोफा चौकी के पास सवारियों से भरी रोडवेज बस में आग लग गई। जानकारी होते ही बस में सवार यात्रियों में खलबली मच गई। सवारियों ने खिड़कियों से कूदकर व बाहर निकलकर अपनी जान को बचाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। बस अलीगढ़ के बुद्ध विहार डिपो की थी और हरियाणा से सवारी लेकर अलीगढ़ आ रही थी, इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के समय बस में लगभग तीन दर्जन सवारियां मौजूद थी।
रविवार को बुद्धविहार डिपो की बस हरियाणा के पलवल से सवारियां लेकर अलीगढ़ के लिए आ रही थी। बस में महिला, पुरुष और बच्चों को मिलाकर 38 सवारियां बैठी हुई थी। दोपहर में बस जैसे ही खैर क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर सोफा नहर पुल के पास पहुंची। तभी राहगीरों ने चालक को बस से धुंआ उठने की जानकारी दी। आग लगने की जानकारी होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मचने लगी। बस के रूकते ही लोग शीशे और दरवाजा खोलकर अपनी जान बचाने को भाग छूटे। बस में से सभी यात्रियों के निकलते ही आग ने उग्र रूप धारण कर लिया और धूं-धूंकर जलने लगी। बस में आग लगते ही हाइवे पर वाहनों के पहिये जहाँ के तहाँ रुक गए। सूचना पर थाना पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।
क्षेत्रीय प्रबंधन सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिली है। जिसके बाद आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। हादसे में बस में सवार किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।