विवाद में पति ने फंदे पर लटकर दी जान, पत्नी ने भी खाया विषाक्त पदार्थ, गंभीर
- अकराबाद के नगला रिसालदार की घटना, परिजनों ने पत्नी पर हत्या का लगाया आरोप
अलीगढ़। थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव नानऊ के माजरा नगला रिसालदार में पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर पति से फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत होने के बाद महिला ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसे गंभीर हालत में उपचार को अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या कर देने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पति-पत्नी में हुआ था विवाद
गांव के संजू सिंह पुत्र महीपाल मेहनत मजदूरी करते थे। उनकी करीब सात साल पूर्व मीरा के साथ शादी हुई थी। हाल में उन पर तीन बेटियां भी है। पति-पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था। परिजन भी दोनों के झगड़े को लेकर परेशान रहते थे, इसलिए दोनों के विवाद में कोई दखल नहीं देते थे। शनिवार रात को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिस पर संजू ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। रविवार सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने सूचना थाना पुलिस को दे दी। इसी बीच संजू की पत्नी मीरा ने भी किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे गंभीर हालत में उपचार को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
परिजनों ने महिला पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों ने संजू की पत्नी पर हत्या का आरोप लगया है। परिजनों के अनुसार जब कमरे का दरवाजा खोला तो संजू जमीन पर घुटने के बल बैठा हुआ था। उसके गले में साड़ी लिपटी हुई थी, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि मीरा ने ही संजू की हत्या की है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं घटना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।