गभाना में फायरकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर पलटी, फायरमैन की हुई मौत, साथी गंभीर घायल
गभाना। हाईवे बीधानगर पर ब्रेड फैक्टरी के सामने फायरकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक फायरमैन की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।
बागवत निवासी मोहित यादव पुत्र वीरेंद्र यादव वर्ष 2021 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। हाल में वह गभाना फायर स्टेशन बतौर फायरमैन के रूप में तैनात थे। मोहित रविवार की देर शाम को अपने साथी फायरमैन निशांत चौधरी निवासी रोहतक (हरियाणा) के साथ कार से जिला मुख्यालय से डाक लेकर फायर स्टेशन पर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर बीधानगर के पास ब्रेड फैक्टरी के सामने पहुंचे तभी किसी वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यदर्शियों के अनुसार कार ने कई पलटा खाए थे।
मोहित यादव का फाइल फोटो
हादसे में कार सवार दोनों फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने 25 वर्षीय मोहित यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि निशांत की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पाकर तमाम अग्निशमन एवं पुलिस विभाग के आलाधिकारी मौके पहुंच गए।