अधिवक्ता ने पुलिस पर अभद्रता करने व वेबजह हवालात में बंद करने के लगाए आरोप, एसएसपी से की शिकायत
- अलीगढ़ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी, न्यायिक कार्यों से रहे विरत
अलीगढ़। लोधा थाना के पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने, रातभर में हवालात में बिठाने व एनडीपीएस में जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर एसएसपी से शिकायत की है।
हरिदासपुर में खेरेश्वर मंदिर के पास रहने वाले अधिवक्ता मुनेंद्र सिंह चौहान ने एसएसपी को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता जी खेरेश्वर मंदिर हाईवे पर दुकान व छोटा भाई ढाबा संचालन करते हैं। विगत 21 मई की रात को करीब 12 बजे कुछ लोग ढ़ाबा पर शराब के नशे में खाना खाने आए और भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। शोर-शराबा पर जब वह पहुंच गए और बीच बचाव करते हुए थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देने के लिए कहा।
जिस पर वह अपने दो साथी अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे। आरोप है कि इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी उनसे अभद्रता करने लगे। उन्होंने खुद को अधिवक्ता होना बताया तो पुलिसकर्मी गाली-गलौज करने लगे और फर्जी तरीके से जेब में गांजा रखकर जेल भेजने की धमकी देने लगे। आरोप है कि उन्हें सारी रात हवालात में डाल दिया और अगले दिन छोड़ा। मामले में मंगलवार को अलीगढ़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ठा. दिनेश सिंह की अध्यक्षता में दीवानी परिसर में बैठक हुई। जिसमें सभी अधिवक्ताओं ने मुनेंद्र सिंह चौहान के साथ पुलिस द्वारा की गई अभद्रता, बर्बरत पूर्वक व्यवहार व बेवजह हवालात में डालने को रोष व्यक्त करते हुए एक दिन के सभी न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया।