उटवारा व बरका के बीच कटी मध्यगंग नहर, किसानों की हजारों बीघा फसल डूबकर हुई बर्बाद
- गभाना व खैर तहसील के आधा दर्जन गांवों के किसानों की फसल हुई प्रभावित, देर रात तक टीम नहर की पटरी ठीक करने में जुटी, आला अधिकारी मौके पर मौजूद
गभाना। खैर तहसील क्षेत्र के गांव उटवारा के पास शनिवार की सुबह मध्य गंग नहर की अचानक से पटरी कट गई। जिसमें गभाना व खैर तहसील क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों किसानों की धान, बाजरा व मक्का की फसल डूबकर बर्बाद हो गई। देर रात तक एडीएम फाइनेंस, एसडीएम गभाना, एसडीएम खैर की मौजूदगी में सिंचाई विभाग की टीम पानी को रोकने के प्रयास में जुटी हुई है। हजारों बीघा फसल बर्बाद हो जाने के बाद किसान खून के आंसू बहाने पर विवश हो गया है।
शनिवार तड़के कटी नहर, 18 घंटे बाद भी नहीं रोका जा सका पानी
उटवारा व बरका गांव के पास से गुजर रही मध्य गंग नहर शनिवार तड़के बरका के किसान डंकल सिंह के खेतों के पास से पटरी अचानक कट गई। पटरी कट जाने से पानी तेज बहाव के साथ किसानों की खेतों और गांवों की ओर रूख कर कर गया। सुबह जब किसानों को नहर की पटरी कट जाने की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में आस-पास के गांवों के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने पटरी के कटान को रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। जिस पर ग्रामीणाें ने सूचना उच्चाधिकारियों व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दे दी। सूचना पाकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अलावा एडीएम फाइनेंस मीनू राणा, एसडीएम गभाना विनीत कुमार मिश्रा, एसडीएम खैर महिमा सिंह आदि मौके पर पहुंच गए। देर रात तक सिंचाई विभाग की टीम कट्टों में मिट्टी भरवाकर व जेसीबी व डंपरों की मदद से मिट्टी डलवाकर पटरी के कटान को रोकने के प्रयास में जुटे रहे।
आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसान हुए प्रभावित
नहर की पटरी कट जाने से बरका, उटवारा, उदयपुर, ऐंचना, बिसारा, जरारा समेत कई गांवों के सैंकड़ों किसान की हजारों बीघा धान, बाजरा व मक्का की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों ने बताया कि पानी में फसल डूब जाने के बाद पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी। जबकि वह केवल खेती पर ही आश्रित हैं। फसल पूरी तरह से चौपट हो जाने से परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो जाएगा।
युवा भाजपा नेता ने किसानों को मुआवजा दिलाने की रखी मांग
नहर की पटरी कट जाने से सैंकड़ों किसानों की फसल बर्बाद हो जाने की सूचना पर पूर्व मंत्री ठा. दलवीर सिंह के पौत्र व युवा भाजपा नेता विजय कुमार सिंह पप्पू मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित किसानों से वार्ता कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। उन्होंने उच्चाधिकारियों से नहर की पटरी के कटान को शीघ्र बंद कराने के साथ ही प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।