भूसे की तरह भरकर मैक्स से कट्टी ले जाई जा रही थी 12 भैंस, MLC ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
- गभाना। हाईवे पर गभाना टोल प्लाजा के पास भूसे की तरह भरकर ले जा रही भैंस से भरी मैक्स व दो लोगों को एमएलसी ने पकड़कर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मथुरा से खुर्जा कट्टी को ले जा रही थी भैंस
एमएलसी मानवेंद्र सिंह रविवार शाम को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा के साथ अपनी कार से बुलंदशहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें टोल प्लाजा के पास भूसे की तरह भैंस से भरी एक मैक्स गाड़ी दिखाई पड़ी। उन्होंने गाड़ी को ओवरटेक करते हुए रूकवा लिया। इसी बीच मैक्स में एक युवक मौका देखकर भाग गया, जबकि चालक समेत दो लोगों को पकड़ लिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पशु क्रूरता अधिनियम में तीन लोगों के विरूद्ध मुकदमा
पुलिस आरोपी चालक उसके साथी को मैक्स समेत थाना ले आई। जहां पर उन्होंने मैक्स में भरी भैंस को बाहर निकलवाया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने नाम प्रेमशंकर निवासी करीरा थाना शिकारपुर जनपद बुलंदशहर व जैद निवासी लाल दरवाजा, शिकारपुर बताया। उन्होंने बताया कि शिकारपुर निवासी साजिद मथुरा के कोशी की हाट से भैंस को खरीदकर लाया था। जिन्हें खुर्जा के कट्टीघर ले जाया जा रहा था। एसओ विनय कुमार ने बताया कि रामसेना के विष्णु व प्रदीप चौहान की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूूछताछ में जुटी हुई है।