बस ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में मथुरा रोड स्थित बिसाहुली मोड़ पर राजस्थान रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मथुरा के थाना मांट के गांव पब्बीपुर निवासी दिनेश पुत्र परमानंद गुरुवार शाम को बाइक से इगलास की तरफ से गांव जा रहे थे। तभी वह बिसाहुली मोड़ पर पहुंचे तभी मथुरा की तरफ से अलीगढ़ की तरफ जा रही राजस्थान की डीलक्स बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों आरोपी चालक व बस को पकड़ने के साथ ही जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवा दिया। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के अनुसार युवक के पास मिले मोबाइल फोन से शिनाख्त हो सकी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।