वीरपुरा में दो दुकानों को बनाया निशाना, नकब लगार नकदी व सामान चोरी
गभाना। क्षेत्र के गांव वीरपुरा में अड्डे पर दो दुकानों में नकब लगाकर चोर नकदी व कीमती सामान चोरी कर ले गए। मामले को लेकर दुकानदारों में रोष व्याप्त हो गया। पीड़ित दुकानदारों की तहरीर के आधार पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
हीसैल निवासी सुशील गौतम वीरपुरा अड्डे पर गौतम नाम से क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार रात्रि में चाेर पीछे नहर की तरफ से उनके क्लीनिक में नकब लगाकर दो दरवाजों को तोडकर गल्ले में रखे 600 रुपये, तीन चांदी की अंगूठी चोरी कर ले गए। वहीं पास ही में सुदंर की मिठाई की दुकान में भी चोर नकब लगाकर गैस सिलेंडर, इनवर्टर व बैटरी चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह दोनों दुकानदारों ने जब दुकान खोली तो दुकान में नकब लगा देख व सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। जानकारी पर आस-पास के दुकानदार व भाकियू भानू गुट के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर मौके पर एकत्रित हो गए तथा उनमें रोष व्याप्त हो गया। दुकानदारों के अनुसार पिछले कई वर्षाें से सर्दी का मौसम आते ही चोरी घटनाएं होने लग जाती हैं, लेकिन आज तक पुलिस किसी चोर को पकड़ सकी है। मामले में पीड़ित दुकानदारों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में तहरीर दी है। एसओ विनय कुमार ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।