हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
लोधा। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव अटलपुर के पास एक सप्ताह पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल युवक की जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव भरतपुर निवासी 21 वर्षीय दीपक कुमार दो जनवरी को अपने दोस्त रविंद्र कुमार निवासी लोहरा के साथ अटलपुर स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए आ रहे थे। जैसे ही वह पेट्रोल पंप के पास तभी पीछे की तरफ से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की मदद से गंभीर से घायल दीपक को उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। मंगलवार की देर रात में दीपक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।