आग में 38 बीघा गेहूं की फसल जलकर हुई स्वाह
-पिसावा व चंडौस में मचाया आग ने तांडव
अलीगढ़। पिसावा के बझेड़ा में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से तीन किसानों की करीब 18 बीघा व चंडौस के जोहरा में अज्ञात कारणों से लगी आग में दो किसानों की करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
पिसावा क्षेत्र के गांव बझेड़ा निवासी मोहर सिंह, लोकेंद्र सिंह व नवल सिंह चौहान के खेतों के पास ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। बुधवार दोपहर में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेतों में आग लग गई। जानकारी पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने अथक प्रयासों के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक तीनों किसानों की करीब 15 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। वहीं चंडौस के जोहरा गांव में दिनेश फौजी व मुनीश चौधरी के खेतों में बुधवार दोपहर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने आग को कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया, लेकिन तब तक दोनों किसानों की करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।