महिला की मौत के बाद पति की भी उपचार के दौरान हुई मौत
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव ग्वालरा में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के 36 घंटे के बाद पति की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। जिससे गांव में कोहराम मच गया।
ग्वालरा गांव निवासी दीपक खेतीबाड़ी करते थे। परिजनों के अनुसार दीपक व उसकी पत्नी मोना ने बाजार से लाई चाऊमीन को खाया था। रात्रि में दोनों को उल्टी- दस्त की शिकायत होने लगी। दोनों की हालत ज्यादा खराब होने पर सोमवार की सुबह परिजनों ने उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल भर्ती करा दिया था। जहां पर मोना की हालत गंभीर होने पर डाॅक्टरों ने जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया था। सोमवार देर रात्रि में 22 वर्षीय मोना ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दीपक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। बुधवार की सुबह दीपक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दंपत्ति ने एक दो वर्षीय बेटे रोते-बिलखते हुए छोड़ा है। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई शिकायती प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण लंग्स की बीमारी का कारण आया है, जबकि युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा संरक्षित किया गया है।