आंधी बारिश से टूटे पोल व पेड़, जन जीवन अस्त व्यस्त
इगलास। बुधवार को रात्रि नौ बजे से दस बजे के मध्य आई आंधी में सैकड़ों पेड़ गिरकर जमींदौज हो गए वहीं चतुर्थ डिवीजन में लगभग एक सौ सत्तर पोल, डबल पोल व ट्रांसफार्मर टूटकर गिर गए जिससे सामान्य जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया। कई गांवों की विद्युत सप्लाई ठप्प हो गई जिससे सुचारु करने के लिए बिजली विभाग की टीम लगी हुई हैं। कई गांवों में बिजली सप्लाई ठप्प होने से पेयजल तक की समस्या उत्पन्न हो गई गई है।

अधिशासी अभियंता धर्मेन्द्र कुमार ने बताया सव डिवीजन इगलास में लगभग 70 पोल, हस्तपुर व गोंड़ा सव डिवीजन में भी लगभग 70 पोल व डबल पोल व ट्रांसफार्मर गिरने की सूचनाएं मिली है, जिनको सही कराने के लिए विभागीय कर्मचारियों की टीम लग रही हैं। दो दिन में सभी गांवों में बिजली की सप्लाई को सुचारु करा दिया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने लोगों से धैर्य रखकर सहयोग करने की अपील की है। कस्बा इगलास की सप्लाई को बृहस्पतिवार सुबह तीन बजे शुरू करा दिया गया था। वहीं कस्बा बेसवां की सप्लाई को बृहस्तपतिवार देर सांय तक सुचारु कर दिया जाएगा। वहीं तहसीलदार रतन कुमार ने बताया कि आंधी में कई गांवों से घर के सामने पड़े छप्पर व टीन उड़ने की सूचनाएं हैं। कस्बा इगलास में गोड़ा रोड स्थित लगसमा शीतगृह की बाउन्ड्रीबाल गिर गई गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई।