सच्चा सुख उसी को प्राप्त होता है, जो भगवान का स्मरण करता है
इगलास। कस्बा स्थित जेके फार्म हाउस पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के द्वितीय दिवस श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण की। व्यास आचार्य अरविंद दास महाराज ने भावपूर्ण शैली में भगवान श्रीहरि की लीलाओं और भक्ति मार्ग की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रवचन करते हुए कहा कि कन्हैया की बुआ कुंती ने उनसे मांगा, तो क्या मांगा? दुनिया सुख मांगती है, फिर भी सुखी नहीं रहती। मगर कुंती ने दुख मांगा और कहा कि जब दुख मिलेगा, तभी तुम्हारा स्मरण करूंगी। जब तुम्हारा स्मरण करूंगी, तब मेरा मन सच्चे सुख से भर जाएगा। सुख भले ही सभी को चाहिए, लेकिन वह स्थायी नहीं होता। सच्चा सुख तो उसी को प्राप्त होता है, जो भगवान का निरंतर स्मरण करता है, चाहे परिस्थिति कैसी भी हो। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा में परीक्षित गौरा देवी, शिवकुमार शर्मा, मोहित उपाध्याय, विपिन उपाध्याय, अमित उपाध्याय, रानू उपाध्याय सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। कथा विश्राम पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
