रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना क्षेत्र में सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत चार पशु व्यापारियों की मौत

- अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसे, एटा के मारहरा के रहने वाले थे चारों मृतक 

गभाना। दिल्ली-कानपुर हाइवे पर गांव भुकरावली के पास एटा से बकरी व भेड़ लेकर दिल्ली जा रही कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कैंटर के ऊपर बैठे आठ लोग सड़क पर गिर पड़े। जिसमें तीन लोगों की मृत्यु हो जबकि एक बच्चा समेत पांच लोग घायल हो गए। वहीं आगे चल रही गाड़ियों के साथियों को हादसे की जानकारी मिली तो वह घटना स्थल पर जाने लगे। तभी उनकी गाड़ी की CNG खत्म हो गई। जिस पर उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राॅली में लिफ्ट ली। तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्राली को रौंद दिया। हादसे में एक और पशु व्यापारी की भी मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

दो गाड़ियों से बकरा-बकरियाें को ईद पर्व के लिए दिल्ली जा रहे थे बेचने

एटा के मारहरा से कुछ व्यापारी अपने दो कैंटर गाड़ियों में बकरा, बकरियां व भेंडों को ईद पर्व के लिए दिल्ली के सीलमपुर मंडी में बेचने के लिए लेकर जा रहे थे। रविवार तड़के करीब 3:30 बजे एक कैंटर तो आगे निकल गई। जबकि दूसरी कैंटर हाईवे पर गांव भुकरावली के पास पहुंची। तभी अचानक से गाड़ी स्टेरिंग जाम हो गई और अनियंत्रित होकर डिवाडर से टकराते हुए ऊपर चढ़ गई। टक्कर के बाद गाड़ी के ऊपर बैठे आठ लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हुए सात लोगों को पुलिस ने उपचार को जिला अस्पताल व जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने दो लोगों को और मृत घोषित कर दिया।                                           हादसे में मृतक 

CNG खत्म होने पर ट्रैक्टर-ट्राली में ली थी लिफ्ट

उधर हादसे के दौरान दूसरी गाड़ी आगे हाईवे पर भांकरी के पास पहुंच चुकी थी। जब साथियों को पीछे साथियों के साथ हुए हादसे की जानकारी हुई तो वह घटना स्थल की ओर जाने लगे। इसी दौरान उनकी कैंटर में CNG खत्म हो गई। जिस पर सभी लोग उतरकर सड़क की दूसरी तरफ खड़े चालक से ट्रैक्टर-टॉली में लिफ्ट मांग ली। जैसे ही वह ट्रैक्टर-ट्राली में बैठे तभी गाजियाबाद की तरफ से आ रहे कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को रौंद डाला। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राॅली पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि उसमें सवार में सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से एक युवक को परिजन उपचार को एटा के लिए ले गए, जहां रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।                                        हादसे में घायल  

इनकी हुई मौत

हादसे में कैंटर सवार 60 वर्षीय हजारीलाल पुत्र प्रेम सिंह, उनके 22 वर्षीय बेटा अमर सिंह, 32 वर्षीय हरिश्चंद्र पुत्र भगवान सिंह के अलावा ट्रैक्टर -ट्राॅली में सवार 22 वर्षीय रविंद्र पुत्र सत्यप्रकाश निवासीगण मारहरा एटा की मौत हो गई।

ये हुए घायल

हादसे में कैंटर सवार विमल, राकेश पुत्रगण हजारीलाल, सतेंद्र पुत्र भगवान सिंह, सुरजीत पुत्र संतोष निवासीगण मारहरा एटा तथा फर्रुखाबाद के रहमानपुर निवासी गुड्डू पुत्र भूरेलाल के अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दीपक पुत्र नानकचंद्र, महराज सिंह पुत्र लक्ष्मी नारायण, यशवीर पुत्र महराज सिंह, भगवानदास पुत्र नेकसेलाल व राहुल पुत्र भगवानदास घायल हो गए। जिसमें गुड्डू व महराज सिंह की हालत गंभीर होने पर परिजनों से उपचार को अलीगढ़ के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। जबकि शेष सभी घायलों काे उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

मामले में नहीं आई कोई तहरीर

थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि दो अलग-अलग हादसों में एटा के पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हुई है, जबकि नौ लोग घायल हुए थे। मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि गाड़ी में मौजूद बकरा-बकरियों को परिजन दूसरी गाड़ी से अपने साथ ले गए हैं। मामले में अभी तक कोई तहरीर नही मिली है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!