भाभी के तानों से तंग आकर दंपत्ति के आत्महत्या करने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव ग्वालरा में दंपत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शुक्रवार को भाभी पर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बुलंदशहर के दोस्तपुर निवासी रविंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी मोना की शादी ग्वालरा के दीपक के साथ की थी। बेटी व दामाद खुशी-खुशी अपना यापन कर रहे थे। लेकिन बेटी की जिठानी सुनीता पत्नी रविंद्र घरेलू कार्यों को लेकर आए दिन तंग करने के साथ ताना देती रहती थी। इसी बात से परेशान होकर बीती तीन अप्रैल को दामाद दीपक व बेटी मोना ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत गंभीर होने पर दोनों को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां पर अगले दिन बेटी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, वहीं उससे अगले दिन दामाद दीपक की भी एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जांच रही है।