साथ जी न सके तो साथ मरने की राह पर निकले प्रेमी युगल
इगलास। कस्बा क्षेत्र से भागे प्रेमी युगल ने आत्मघाती कदम उठाते हुए कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर सेवन कर लिया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जिंदगी और मौत की जंग जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी इंटरमीडिएट की एक छात्रा शनिवार दोपहर अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। प्रेमी पास के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है और छात्रा की सहेली का भाई है। जब छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः छात्रा के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने अपनी बेटी के साथ नकदी व जेवरात ले जाने की बात कही और किसी अनहोनी की आशंका जताई। इसी बीच रविवार को खबर मिली कि प्रेमी युगल ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर सेवन कर लिया है। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव ने बताया कि युगल की हालत गंभीर बनी हुई है। उनके ठीक होने के बाद बयान लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है कि युवती स्वेच्छा से गई थी या किसी प्रकार का दबाव या बहलावा-फुसलावा था। प्रेम प्रसंग का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। परिजनों की आंखों में बेटी के जीवन की सलामती के लिए आंसू हैं, वहीं पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह प्रेम कहानी आखिर इतने खतरनाक मोड़ पर क्यों पहुंची।