गुटखा खाने पर डांटा, नाराज होकर दो किशोर घर छोड़ हुए लापता
इगलास। कस्बा के हाबूड़ा मोहल्ले में गुटखा खाने पर डांट मिलने के बाद नाराज होकर दो किशोर घर छोड़कर चले गए। घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। किशोरों के लापता होने से परिजन बुरी तरह परेशान हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर संभावित स्थानों पर तलाश तेज कर दी है।
हाबूड़ा मोहल्ला निवासी मंगल पुत्र इतवारी ने बताया कि बीते 7 जुलाई की दोपहर उसका 12 वर्षीय पुत्र चेतन व पड़ोसी बच्चू सिंह का पुत्र बहादुर मोहल्ले के पास एक मैदान में गुटखा खाते हुए मिले थे। जब उन्होंने दोनों को गुटखा खाने से रोका और डांटते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी, तो किशोरों ने इस बात का बुरा मानते हुए घर छोड़ दिया। परिजनों ने दोनों बच्चों को रिश्तेदारी, मित्रों व आसपास के इलाकों में काफी ढूंढा, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। इससे परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं और उनके घरों में मायूसी का माहौल है। इगलास कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही है। उम्मीद है कि जल्द ही बच्चों का पता लगा लिया जाएगा।
समाज में चिंता, बच्चों पर संवाद जरूरी
घटना के बाद मोहल्ले में भी चर्चा का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि आज की पीढ़ी छोटी-छोटी बातों से आहत होकर बड़ा कदम उठा लेती है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को सही मार्गदर्शन देने के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बनाए रखें ताकि वे हर परिस्थिति में परिजनों पर विश्वास रखें।