रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

प्रेम ग्रुप ऑफ एजुकेशन में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

इगलास। प्रेम ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अंतर्गत संचालित प्रेम इंस्टिट्यूट ऑफ फॉर्मेसी, प्रेम इंस्टिट्यूट ऑफ आईटीआई और प्रेम एजुकेशनल इंस्टिट्यूट में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की उमंग के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष सुरेशचंद्र (भगत जी), सचिव ऋषि चौधरी, निदेशक रवि चौधरी और प्राचार्य मुकेश सारस्वत ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके बाद डीएलएड/बीटीसी, डीफार्मा और आईटीआई विभाग के प्रशिक्षुओं ने मनमोहक झांकियां, देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हर प्रस्तुति ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की स्मृतियों को जीवंत कर दिया।

अध्यक्ष सुरेशचंद्र (भगत जी) ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सदैव समर्पित रहें। सचिव ऋषि चौधरी ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा के साथ उनमें संस्कार और देशभक्ति का भाव जगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। निदेशक रवि चौधरी ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों को गौरव और आशा का प्रतीक बताया, जबकि प्राचार्य मुकेश सारस्वत ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक तैयार करना है, और ऐसे आयोजन उनमें जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं। इस अवसर पर गौरव चौधरी, संदीप चौधरी, आईटीआई के प्रिंसिपल लालाराम बघेल, वरिष्ठ प्रवक्ता रंजना शर्मा, अवधेश यादव, धर्मेंद्र चौधरी, डौली वार्ष्णेय, दीपक कश्यप, देवेंद्र चौधरी सहित सभी शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और तिरंगे की छांव में देशभक्ति के नारों से पूरा प्रांगण गूंज उठा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!