किसान मेला में एसबीआई ने वितरित किया मुद्रा ऋण
इगलास। भारतीय स्टेट बैंक कृषि विकास शाखा द्वारा शनिवार को गांव सहारा कलां में किसान मेला आयोजित किया गया। मेले में किसानों और व्यापारियों को कुल एक करोड़ रुपये का मुद्रा ऋण वितरित किया गया।
मेले का शुभारंभ महाप्रबंधक एसबीएस नागेश कुमार और ग्राम प्रधान हरवंश कुमार उर्फ बंशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खोले गए खातों की केवाईसी हर छह वर्ष बाद करानी आवश्यक है। इसके लिए खाताधारकों को आधार कार्ड और पैन कार्ड बैंक में उपलब्ध कराना होगा, अन्यथा खाता परिचालन प्रभावित हो सकता है। उपमहाप्रबंधक राजीव कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभों की जानकारी दी। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक धीरेंद्र कुमार ने साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रबंधक देव प्रताप सिंह ने किया। मेले के सफल आयोजन में रूप कुमार, सुनील कुमार, केशव कुमार, मनवीर सिंह, निखिल वार्ष्णेय, राकेश कुमार, नितिन कुमार, जगवीर सिंह, अवधेश पाठक, नरेंद्र सिंह और मनोज कुमार ने सक्रिय सहयोग दिया।