रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

भाकियू ने की आलू पर 250 रुपये कुंतल मुआवजा देने की मांग

इगलास। आलू किसानों की समस्याओं और क्षेत्रीय विकास कार्यों की उपेक्षा को लेकर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन और जाट महासभा ने तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
किसानों ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से अब तक इगलास क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए क्षेत्र में उद्योगों और कृषि आधारित इकाइयों की स्थापना आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने, ई-रिक्शा व टेंपो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वसूले जा रहे किराए पर नियंत्रण करने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने आलू की रैक लगवाकर उचित मूल्य दिलाने तथा शीतगृहों में रखे आलू पर 250 रुपये प्रति कुंतल मुआवजा देने की मांग की। अध्यक्षता उजागर सिंह ने की और संचालन विजेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर हरेंद्र सिंह, शिवशंकर, सुखवीर सिंह, लोकेंद्रपाल सिंह, गोकुलचंद कटारा, शिवराम तिवारी, काले खां, सतवीर सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!