रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

देवेंद्र पाराशर के हाथों में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन अलीगढ़ की कमान, कलम के सिपाहियों को मिला नया सारथी

अलीगढ़। पत्रकारिता और कलमकारों के हितों के लिए संघर्षरत प्रतिष्ठित संगठन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेते हुए अपनी अलीगढ़ इकाई को नई धार दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह के यशस्वी नेतृत्व और दूरगामी सोच के अनुरूप इगलास की माटी के लाल और पत्रकारिता के प्रति समर्पित व्यक्तित्व देवेन्द्र पाराशर को जनपद अलीगढ़ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा प्रदेश महामंत्री डॉ. नरेश पाल सिंह द्वारा जारी मनोनयन पत्र के माध्यम से की गई, जिसके बाद से ही जिले के पत्रकारिता गलियारों में उत्साह का माहौल है।

कलमकारों में उल्लास का माहौल

देवेन्द्र पाराशर के मनोनयन की खबर मिलते ही इगलास से लेकर जिला मुख्यालय तक हर्ष की लहर दौड़ गई। विभिन्न तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन के भविष्य के लिए एक मील का पत्थर बताया है। सहयोगियों का मानना है कि पाराशर का जमीनी अनुभव और पत्रकारों की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता संगठन को एक नई ऊंचाई और पहचान दिलाएगी।

सम्मान से समझौता नहीं, अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पाराशर ने अपनी इस नई जिम्मेदारी पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह, उपाध्यक्ष राम नरेश चौहान, महामंत्री डॉ. नरेश पाल सिंह और मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसका ऋण मैं पत्रकारों की सेवा और उनके हितों की रक्षा करके चुकाऊंगा। मेरा उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनपद के अंतिम छोर पर बैठे पत्रकार को भी यह अहसास कराना है कि उनके पीछे एक मजबूत संगठन खड़ा है। हम पत्रकारों के उत्पीड़न के विरुद्ध मुखर होकर लड़ेंगे और उनके मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होने देंगे।

साथी – सहयोगियों ने दी शुभकामनाएं

देवेंद्र पाराशर की इस उपलब्धि पर संगठन के अन्य जनपदों के जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। बधाई देने वालों में मथुरा के जिलाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, बुलंदशहर के विजय राघव, एटा के पंकज गुप्ता, और हाथरस के शुंभनाथ पुरोहित प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके साथ ही मंडल महामंत्री योगेश कौशिक, विवेक शर्मा, करन चौधरी, अमन मलिक, अशोक शर्मा, केपी राजपूत, अमित वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, अनार सिंह, विश्वास शर्मा, अशोक शर्मा, अमित शर्मा, शिवम शर्मा, अरून शर्मा, श्याम सुंदर बालाजी ने बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि पाराशर के कुशल नेतृत्व में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन अलीगढ़ में एक नया इतिहास रचेगा।

error: Content is protected !!