रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बुढ़ापे की लाठी बनने के बजाय बेटा बना खलनायक, पीड़ित पिता ने लगाई मदद को गुहार

चण्डौस। समाज में पिता के संघर्षों और उनके त्याग को जो सम्मान मिलना चाहिए, आज वह कुछ कलयुगी संतानों की वजह से धूल धूसरित हो रहा है। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पदम से एक ऐसा ही हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता ने अपने सगे छोटे बेटे और उसके साथियों पर अभद्रता और अपमान की सारी हदें लांघने का आरोप लगाया है।

असामाजिक तत्वों की संगत ने बिगाड़ा घर का चिराग

पीड़ित संतोष कुमार चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका छोटा बेटा अब उनके बुढ़ापे का सहारा बनने के बजाय उनकी मानसिक प्रताड़ना का कारण बन गया है। बुजुर्ग का आरोप है कि उनका बेटा गलत सोहबत में पड़कर असामाजिक तत्वों और शराबियों का हमप्याला बन गया है। शनिवार की रात वह घर से बड़े भाई की बाइक लेकर निकल गया था। जब चिंतित पिता उसे देखने बाहर पहुंचे तो वहाँ का दृश्य देखकर उनका कलेजा फट गया।

बुढ़ापे की लाठी छीनी और बरसाईं गालियाँ

बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि बेटा दो साथियों के साथ शराब पी रहा था। जब उन्होंने टोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने हाथ से उनका बैत छीन लिया और उनके साथ गाली-गलौज व अभद्रता की। उनका आरोप है कि छोटा बेटा आए दिन नशे की हालत में घर में हंगामा करता है और उनके मान-सम्मान को ठेस पहुँचाता है। उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए कलयुगी बेटे पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह का कहना है कि बुजुर्ग की तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

error: Content is protected !!