भाजपा की बंगाल और असम में जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जोरदार जश्न
गभाना। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में उत्साह का संचार कर दिया है। सोमवार को जैसे ही चुनाव परिणामों के रुझान जीत में बदले तो भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और ‘भारत माता की जय’ व ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। इस विजय उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और लोगों को मिठाई बांटकर जीत की बधाई दी।
भाजपा के किसान मोर्चा के जिलामंत्री दलवीर सिंह ने कहा कि असम में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना और पश्चिम बंगाल में पार्टी के कद का अभूतपूर्व तरीके से बढ़ना, जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि विकासवाद और राष्ट्रवाद की जीत है।
गभाना के मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने कहा कि तीनों राज्य की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वे केवल सुशासन, पारदर्शिता और प्रगति की राजनीति में विश्वास रखते हैं।
इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष सुशील गर्ग, डाॅ. भानू प्रताप सिंह, डाॅ. आरडी शर्मा, मानवेंद्र चौहान, राजा ठाकुर, राहुल चौधरी, मुनेश शर्मा, राॅकी चौहान, सुखवीर सिंह, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।