विश्वासघात कर घर में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी और जेवरात बरामद
चंडौस। थाना पुलिस ने क्षेत्र के गांव रामी का नगला रामपुर-शाहपुर में करीब एक माह पूर्व हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया और उसे जेल भेज दिया है।
शरण देने वाले के साथ ही किया विश्वासघात
इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित विष्णु सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव का ही अभिषेक कुमार और उसकी बहन पिछले पांच महीनों से उनके घर पर रह रहे थे। आरोपियों ने अपनी जान को खतरा बताकर वहां शरण ली थी, लेकिन उन्होंने इस भरोसे का फायदा उठाकर अलमारी में रखे लाखों के जेवरात और 99,500 रुपये की नकदी चोरी कर ली।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
चोरी की घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस सक्रियता से मामले का खुलासा हो सका और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अभिषेक के पास से चोरी की गई सोने की चैन, दो सोने के पैंडल, दो सोने की अंगूठी के अलावा 55 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मो0 अालम, कांस्टेबल सौरभ बालियान, रिक्रूट आरक्षी अमन मलिक आदि मौजूद रहे।