हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी कैंटर, चालक समेत तीन घायल
गभाना। दिल्ली-कानपुर हाईवे बाइपास पर नगला नत्था के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से पटियाली जा रही एक तेज रफ्तार कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में चालक सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद के शमशाबाद निवासी मनोज कुमार अपनी कैंटर लेकर दिल्ली से पटियाली की ओर जा रहे थे। गाड़ी में उनके साथ क्लीनर दलवीर और एक अन्य सवारी भी मौजूद थी। तभी हाईवे बाईपास पर नगला नत्था के समीप सामने से आ रहे किसी वाहन को बचाने के चक्कर में मनोज ने कैंटर पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने टोल एंबुलेंस के जरिए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गभाना में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।