रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने भरी हुंकार, एटा जिलाध्यक्ष पर फर्जी मुकदमे के खिलाफ डीआईजी को सौंपा ज्ञापन

अलीगढ़। पत्रकारों के उत्पीड़न और अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने के प्रयासों के खिलाफ ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश पूरी तरह लामबंद हो गया है। बुधवार को संगठन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने एटा जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता के विरुद्ध दर्ज कराए गए कथित फर्जी मुकदमों के विरोध में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अलीगढ़ परिक्षेत्र, प्रभाकर चौधरी से मुलाकात की। पत्रकारों ने दो टूक शब्दों में कहा कि कलम के सिपाहियों का दमन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीआईजी से निष्पक्ष जांच की मांग

मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह और अलीगढ़ जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने डीआईजी प्रभाकर चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि जनपद एटा के जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता को एक गहरी साजिश के तहत झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। एसोसिएशन ने मांग उठाई कि इन मुकदमों की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी या उच्चाधिकारी से कराई जाए, ताकि षड्यंत्रकारियों का पर्दाफाश हो सके और निर्दोष पत्रकार को न्याय मिल सके।

उत्पीड़न पर डीआईजी का सख्त रुख

प्रतिनिधिमंडल की बातों को डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने अत्यंत गंभीरता से सुना। उन्होंने पत्रकारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन किसी भी निर्दोष व्यक्ति, विशेषकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ ‘मीडिया’ का उत्पीड़न स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और साक्ष्यों के आधार पर न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

“चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं”: राज नारायण सिंह

मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि जब भी कोई पत्रकार भ्रष्टाचार या प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसे खामोश करने के लिए फर्जी मुकदमों का सहारा लिया जाता है। एटा जिलाध्यक्ष के खिलाफ हुई कार्यवाही इसी दुर्भावनापूर्ण मानसिकता का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अपने किसी भी साथी के सम्मान से समझौता नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर इसके लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा।

लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी का सवाल

अलीगढ़ जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने कहा कि पत्रकारों को निशाना बनाना सीधे तौर पर लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार है। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों का आभार जताते हुए संकल्प दोहराया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों की सुरक्षा और उनके मान-सम्मान के लिए अंतिम सांस तक प्रतिबद्ध है।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण अवसर पर संगठन की एकता देखने को मिली, जिसमें मंडल महामंत्री विवेक शर्मा, हाथरस जिलाध्यक्ष शंभूनाथ पुरोहित, एटा जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता, कोल तहसील अध्यक्ष अमित वार्ष्णेय, इगलास तहसील अध्यक्ष सुनील गुप्ता, विष्णु शर्मा, चेतन वार्ष्णेय, छोटू पुरोहित, राजीव मिश्रा, विपिन कुमार, कुनाल सोलंकी, अशोक शर्मा, सत्या पंडित और लक्ष्मीराज सिंह आदि उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!