पुलिस टीम पर हमला करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
चंडौस। थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में अब तक सात आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
क्या था मामला?
इंस्पेक्टर चंडौस सत्यवीर सिंह के अनुसार बीते दिनों थाना क्षेत्र के गांव रामपुर-शाहपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान दोनों ओर से जमकर फायरिंग और पथराव हुआ था। सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और उन पर जानलेवा हमला कर दिया था।
41 लोगों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा
पुलिस पर हुए इस हमले के बाद उपनिरीक्षक राजवीर सिंह की तहरीर पर 29 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला, बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम इस मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
आरोपी को भेजा जेल, शेष की तलाश जारी
शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक और नामजद आरोपी जाविर खान निवासी रामपुर-शाहपुर को दबोचा लिया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।