गभाना: ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, परिजनों में कोहराम
गभाना। क्षेत्र के गांव महरावल में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। दिल्ली-कानपुर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव की ही रहने वाली महादेवी के रूप में हुई है। परिजनों ने कोई भी कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव
परिजनों के अनुसार, 80 वर्षीय महादेवी पत्नी गुलाब सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। मंगलवार तड़के वह बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से निकल गईं। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन आस-पास खोजबीन कर ही रहे थे कि तभी ग्रामीणों ने एक महिला का शव रेलवे लाइन पर पड़ा होने की जानकारी दी। जब परिजन रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। महादेवी का शव रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि ट्रैक पार करते समय वह किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं।
बिना पोस्टमॉर्टम के हुआ अंतिम संस्कार
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटाई। हालांकि, परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने या शव का पोस्टमॉर्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।