गभाना: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चारा लेकर लौट रही महिलाओं को रौंदा, एक की मौत, एक घायल
गभाना। थाना क्षेत्र में हाईवे पर महरावल पुल के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रही दो महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
खेत से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव भुकरावली निवासी धर्मवती (45) पत्नी अमर सिंह, अपनी पड़ोसन राजवती पत्नी राजेंद्र सिंह के साथ मंगलवार सुबह खेतों पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। करीब 11 बजे जब दोनों महिलाएं सिर पर चारे का गट्ठर रखकर पैदल घर लौट रही थीं, तभी महरावल पुल के पास अलीगढ़ की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। धर्मवती की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं राजवती का उपचार अभी जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका धर्मवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पांच बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई हैं। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने खड़ा करवा दिया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।