रक्तदान शिविर बना उत्सव: महिलाओं और युवाओं के हौसले से जुटा 60 यूनिट रक्त
पिसावा। शादीपुर में मानवता की सेवा के संकल्प के साथ मंगलवार को लाइफ अर्पण सोसाइटी के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों के उपचार के काम आएगा।
रक्तदान से बढ़ता है आत्मबल: अजय सिंह
शिविर का शुभारंभ करते हुए रक्तवीर चौधरी अजय सिंह ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों के कारण रक्त की मांग में भारी इजाफा हुआ है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक शारीरिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी को नया जीवन देने का ईश्वरीय कार्य है। इससे न केवल मरीज की जान बचती है, बल्कि रक्तदाता के भीतर भी सेवा और करुणा की भावना प्रबल होती है।
जागरूक समाज की पहचान है रक्तदान: प्रवीन शर्मा
युवा समाजसेवी प्रवीन शर्मा ने कहा कि निरंतर आयोजित होने वाले ऐसे स्वैच्छिक शिविर समाज को अधिक संवेदनशील और जागरूक बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने को आगे आने का आह्वान किया, ताकि विपदा के समय किसी भी लाचार पिता या बेबस संतान को रक्त के अभाव में अपनों को न खोना पड़े। हमारा रक्त ही वह एकमात्र सेतु है, जो जाति, धर्म और ऊंच-नीच की दीवारों को गिराकर इंसान को इंसान से जोड़ता है।
आधी आबादी की प्रेरक भागीदारी
शिविर में आधी आबादी (महिलाओं) की सहभागिता विशेष चर्चा का विषय रही। बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं ने रक्तदान कर समाज की रूढ़ियों को तोड़ा और यह संदेश दिया कि वे जीवन बचाने के हर मोर्चे पर पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं।
इन्होंने निभाया विशेष सहयोग
संस्था की ओर से प्रत्येक रक्तदाता को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में अनमोल चौधरी, कपिल कुमार, चित्रवीर सिंह, राहुल तोमर, अजय गोयल, अनुभव जैन, रूपेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।