आचार संहिता लगते ही उतरवाएं होर्डिंग्स व बैनर
एसडीएम व नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली में देर रात तक जुटी रही टीम
गभाना। निकाय चुनावों को लेकर रविवार शाम को चुनाव आचार संहिता लगते ही प्रशासन अलर्ट मोड़ में आ गया। एसडीएम गभाना केबी सिंह के नेतृत्व में टीम ने राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों के पोस्टर व होर्डिंग्स उतरवाने शुरू कर दिए।
गभाना नगर पंचायत में एसडीएम व ईओ दीपक शर्मा की देखरेख में नगर पंचायत कर्मियों ने जीटी रोड, हाईवे, लाखा बाजार व मुख्य चौराहों से होर्डिंग्स, बैनर आदि उतरवाकर जब्त कर लिए गए। वहीं दीवारों पर चिपके पोस्टरों को भी हटवा दिया। चंडौस व पिसावा में नायब तहसीलदार संदीप चौधरी की मौजूदगी में राजनैतिक होर्डिंग्स व बैनर हटवाए गए। बराैली में भी राजनैतिक पार्टियों के बैनर व पोस्टर हटवाए गए। एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी तरह की राजनीतिक सामग्री सार्वजनिक रूप से लगने नहीं दी जाएगी। कहा कि राजनीतिक सामग्री लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नगर पंचायत वासियों से आचार संहिता का पालन कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।