आग में तीन किसानों की फसल जलकर हुई राख
क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर आग ने मचाया तांडव
गभाना । थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर लगी आग में किसानों की करीब दस बीघा फसल व दो बीघा अवशेष जलकर राख हो गए।
थाना क्षेत्र के गांव राजमऊ में किसान नंद किशाेर ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को कटवाकर एक जगह पर एकत्रित करा दिया था। रविवार रात्रि में उनके फसल के ढ़ेर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और अपने स्तर से आग को बुझाने का भरसक प्रयास करने लगे। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। जिस पर ग्रामीणों ने सूचना फायर स्टेशन व इलाका पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया, लेकिन तब तक किसान की करीब आठ बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई।
वहीं दूसरी घटना सोमवार दोपहर में क्षेत्र के गांव महरावल में हुई। यहां गांव की शांति देवी के खेतों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत के बाद आग को बुझाया, लेकिन जब तक दो बीघा फसल जलकर राख हो गई। तीसरी घटना क्षेत्र के गांव गोरना रसीदपुर में हुई। यहां गांव के किसान देवराज सिंह अपने खेतों में से गेहूं की फसल को कटवाकर घर ले गए थे, जबकि खेतों में भूसा बनाने के लिए अवशेष शेष रह गए थे। सोमवार दोपहर में खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से निकली चिंगारी से खेतों में अवशेषों में आग लग गई। ग्रामीणों ने अथक प्रयासों के बाद आग को बुझा लिया, लेकिन तब तक करीब दो बीघा खेत का अवशेष जलकर स्वाह हो गई।