रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

युवाओं को तोहफा: आत्मनिर्भर बनने के लिए खादी बोर्ड देगा पॉपकॉर्न व दोना मेकिंग फ्री मशीनें

अलीगढ़। ग्रामीण क्षेत्र के पारंपरिक कारीगरों और स्वरोजगार की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले के पात्र अभ्यर्थियों को निःशुल्क पॉपकॉर्न मेकिंग और दोना मेकिंग मशीनें वितरित करने की योजना शुरू की है। योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 25 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि पॉपकॉर्न निर्माण कार्य से जुड़े भुर्जी समाज के पारंपरिक कारीगरों के साथ-साथ इस उद्योग में अपना रोजगार शुरू करने के इच्छुक युवा भी आवेदन के पात्र होंगे। इसी तरह, दोना मेकिंग मशीन के लिए भी परंपरागत कारीगरों और नए उद्यमियों को वरीयता दी जाएगी। योजना के लिए आवेदक का जिले के ग्रामीण क्षेत्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है और उसकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

ऐसे करें आवेदन: योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘ऑनलाइन सेवाएं’ अनुभाग के अंतर्गत ‘टूलकिट्स आवंटन हेतु ऑनलाइन पंजीकरण’ के माध्यम से आवेदन करना होगा।

आवश्यक दस्तावेज: आवेदन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखना आवश्यक है। जिला स्तर पर गठित चयन समिति प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र लाभार्थियों का चयन करेगी।

संपर्क विवरण: अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय, मकान संख्या 5/69-एच-80-4, त्रिमूर्ति नगर, बरौला बाईपास, अलीगढ़ में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 7408410755 और 9808146965 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन कर सरकार की इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!